गोपालगढ़ दंगा : मृतक संख्या बढ़कर हुई 4, तनाव बरकरार
भरतपुर जिले के गोपालगढ़ में दो समुदायों के बीच भड़के दंगे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। कस्बे में अभी भी तनाव का माहौल है। इलाके में कल तक के लिए कफ्र्यू लगाया गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार दोपहर उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर फिर से स्थिति की समीक्षा की।
बैठक के बाद गृह मंत्री शांति धारीवाल ने बताया कि गोपालगढ़ घटना की जांच वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वीएस सिंह को सौंपी गई है। घटना में मृतकों और घायलों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके देब ने बताया कि गोपालगढ़ में मृतकों की संख्या 4 हो गई है। स्थिति नियंत्रण में है। घटना की जांच वीएस को सौंपी गई है। मृतकों को पांच पांच लाख, गंभीर घायलों को दो दो लाख और मामूली रूप से घायलों को 50=50 हजार रुपए मुआवजे की घोषणा कर दी गई है।
गोपालगढ़ में अभी भी हथियारबंद लोग मौजूद : गोपालगढ़ में भारी पुलिस जाप्ता तैनात है। आज फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई है लेकिन तनाव बरकरार है। अफवाहों का दौर जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इलाके में अफवाह मात्र से ही दोनों पक्ष के लोग हथियार लेकर छतों पर चढ़ जाते हैं, लेकिन भारी पुलिस बल के कारण अभी ताजा झड़प की कोई सूचना नहीं है।
कई परिवारों का पलायन : गोपालगढ़ में हुए दंगे के बाद दोनों ही पक्षों के करीब 20 से 25 परिवार पलायन कर गए हैं। पुलिस के आला अफसर पूरी स्थिति पर निगाह रखे हुए हैं। एडीजी कानून व्यवस्था नवदीप सिंह ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
साभार : दैनिक भास्कर

0 comments »
Post a Comment