माखनलाल में होंगे दो नए विभाग
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में दो नए शैक्षणिक विभाग गठित करने के साथ मीडिया टेक्नोलॉजी कॉलेज शुरू किया जाएगा। विश्वविद्यालय में कार्यरत टास्क कर्मचारियों को राज्य शासन द्वारा समय-समय पर घोषित महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की राशि भी दी जाएगी। यह निर्णय मंगलवार को वित्त मंत्री राघवजी की अध्यक्षता में हुई विश्वविद्यालय की महापरिषद एवं प्रबंध समिति की बैठक में लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय में मीडिया टेक्नोलॉजी विभाग गठित किया जाएगा। इसमें प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग टेक्नोलॉजी और कन्वर्जेंस टेक्नोलॉजी की विशेषज्ञता विकसित करने के लिए प्रौद्योगिकी पाठयक्रम विकसित किया जाएगा। विश्वविद्यालय में उप कुलसचिव, सहायक कुलसचिव, कार्यालय अधीक्षक, प्रोड्यूसर आदि के पद भी स्वीकृत किये गए हैं। महापरिषद ने विश्वविद्यालय की वर्तमान उपलब्धियों और विस्तार पर संतोष प्रकट किया और भविष्य की शैक्षणिक और शोध संबंधी योजनाओं को स्वीकृति दी।
विश्वविद्यालय की बिशनखेड़ी स्थित जमीन में परिसर के निर्माण के लिए आर्किटेक्टों से मिली श्रेष्ठ डिजाइन के आधार पर भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई। कुलपति बीके कुठियाला ने गत महापरिषद व प्रबंध समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन प्रतिवेदन और आगामी वर्ष में किए जाने वाले कार्यो की जानकारी दी। बैठक में भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष न्यायमूर्ति जीएन रे, सांसद उदय प्रताप सिंह, दैनिक भास्कर समूह के चेयरमैन श्री रमेशचंद्र अग्रवाल, राधेश्याम शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, जनसंपर्क विभाग के आयुक्त राकेश श्रीवास्तव, प्रो. राममोहन पाठक, अजित पाठक, गौरांग अग्रवाल, इरविन खन्ना, अशोक चतुर्वेदी, किरण शैलार, अराकेरे जयराम, रेक्टर प्रो. सीपी अग्रवाल और प्रो. बीएस निगम उपस्थित थे।

0 comments »
Post a Comment